KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील क्षेत्र के कछुआ स्थित एक ढाबे में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पीडीए सामाजिक भाईचारा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सामाजिक एकता, भाईचारे, हक, हिस्सेदारी और सामाजिक न्याय के मुद्दे प्रमुखता से उठे। बड़ी संख्या में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से कार्यक्रम में राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली।बैठक के मुख्य अतिथि सपा प्रदेश सचिव एवं फूलपुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अमरनाथ सिंह मौर्य ने कहा कि “पीड़ित ही पीडीए है और पीडीए ही सामाजिक न्याय की आवाज है।” उन्होंने कहा कि समाज के जिन वर्गों को अपने अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, उनकी आवाज को एकजुट करना जरूरी है। पीडीए सामाजिक भाईचारे और बराबरी की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।सपा जिलाध्यक्ष दया शंकर यादव ने कहा कि पीडीए केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक भागीदारी और बराबरी की लड़ाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कहा कि समाज के सभी वर्गों को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए सपा लगातार आवाज उठाती रहेगी।कार्यक्रम के आयोजक आशीष मौर्य ने कहा कि पीडीए की असली ताकत समाज के सभी वर्गों की एकजुटता में है। सामाजिक भाईचारा मजबूत होगा तो हक और अधिकार की लड़ाई भी मजबूती से लड़ी जा सकेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और पीडीए के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन लवकुश मौर्य ने किया।







