SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश की ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में विभागीय कार्यों की सघन समीक्षा की। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में राज्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए गांवों का समुचित विकास अनिवार्य है। बैठक की शुरुआत में राज्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सिद्धार्थनगर एक पिछड़ा जनपद है, इसलिए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ‘ग्राम चौपाल’ में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और मौके पर ही जन समस्याओं का निस्तारण करने का निर्देश दिया। राज्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि सभी ग्राम सचिव अपने निर्धारित क्लस्टर में रहकर ही कार्य करें और गांवों का नियमित भ्रमण करें। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने पात्र लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बरतने और उन्हें अविलंब लाभ दिलाने की बात कही। खंड विकास अधिकारियों को अधूरे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और गांवों में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी दी गई। महिलाओं के स्वावलंबन पर जोर देते हुए उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक विकास सुनिश्चित करने तथा अमृत सरोवरों के संरक्षण व साफ-सफाई के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग शैलेंद्र चौधरी सहित सभी खंड विकास अधिकारी व संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







