Home उत्तर प्रदेश पीडब्ल्यूडी की पुलिया में लगी पाइप नीचे कराने की ग्रामीणों ने उठाई...

पीडब्ल्यूडी की पुलिया में लगी पाइप नीचे कराने की ग्रामीणों ने उठाई मांग

फोटो:पुलिया मरम्मत की मांग करते लोग

SANGRAM GARH NEWS: रामपुर संग्रामगढ़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम मोहम्मदपुर के पास सलवान-नरई मार्ग पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा निर्मित पुलिया ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी निकासी के लिए डाली गई पाइप को जमीन के स्तर से ऊपर स्थापित कर दिया गया है, जिसके कारण गांव का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है और नहर व बरसात का पानी घरों में घुस जाता है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण के समय ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को इस समस्या से अवगत कराया था तथा पाइप को गहराई में स्थापित करने की मांग की थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप गांव के दो दर्जन से अधिक घरों में पानी भरने लगा है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में वीडियो और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को लिखित शिकायत भी दी गई है। उनका कहना है कि यदि पाइप को जमीन के स्तर के अनुसार गड्ढा खोदकर लगाया जाए तो गांव का पानी आसानी से बाहर निकल सकेगा और जलभराव की समस्या समाप्त हो जाएगी।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिया के ऊपर बनाई गई चारदीवारी निर्माण के एक सप्ताह के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी ईंटें सड़क पर बिखर गईं। ग्रामीणों ने बिखरी ईंटों को एकत्र कर पुलिया के पास रख दिया है तथा क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण की मांग की है। इस संबंध में ग्राम प्रधान मोहम्मदपुर रेशम लाल जायसवाल ने भी संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।vमांग करने वालों में रामचंद्र विश्वकर्मा, रननेलेश पहलवान, रामकृष्ण, रामराज प्रजापति, रामआधार, धीरज, रामप्रकाश, रामनाथ, अयोध्या, सुरेश, रमेश, दिनेश, रामराज गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता सहित अनेक ग्रामीण शामिल रहे।