Home उत्तर प्रदेश पहलगाम हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि, पांच युवाओं ने किया रक्तदान

पहलगाम हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि, पांच युवाओं ने किया रक्तदान

FATEHPUR NEWS: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद 26 भारतीय नागरिकों की स्मृति में बुधवार को फतेहपुर में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन द्वारा मानस रक्तकेन्द्र में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने रक्तदान कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला प्रवक्ता प्रसून तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जिले में अक्सर रक्त की कमी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, ऐसे में युवाओं को आगे आकर नियमित रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि वह स्वयं हर तीन महीने में रक्तदान करते हैं और इससे किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती। रक्तदान शिविर में सुभाष, सुयश, शिवम, बालचंद्र शर्मा और महेश पाठक ने रक्तदान कर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। युवाओं ने कहा कि यह उनका छोटा सा प्रयास है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की मदद हो सके। इस अवसर पर संस्था से गुरमीत सिंह, यश, अभय मिश्रा, शिवम सिंह, ऋतिक तथा रक्तकेन्द्र की ओर से अमन यादव, अनामिका, अंजली और विशाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।