Home उत्तर प्रदेश पडरौना में जलभराव से जनजीवन प्रभावित: अंडरपास में फंसी कार, राहगीर बेहाल

पडरौना में जलभराव से जनजीवन प्रभावित: अंडरपास में फंसी कार, राहगीर बेहाल

KUSHINAGAR NEWS: जिले में भोर से लगातार हो रही बारिश ने पडरौना नगर पालिका की पोल खोल दिया है नगर के कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आई है। समय से सीवर और नाली की साफ सफाई न होने से nh 28 सड़कों पर पानी भर जाने से आम लोगों और यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर के गांधी चौक से कटकुईयां मोड़ के पास मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां सड़क पर जमा पानी के कारण राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। कई जगहों पर वाहन चालकों को भी जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने और नालों पर अतिक्रमण के कारण हर बारिश में यही हालात बन जाते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, पडरौना-सिधुआं मार्ग पर स्थित सिधुआं रेलवे ढाला के पास बने अंडरपास में भी जलभराव हो गया। पानी भर जाने के कारण एक कार बीच में ही फंस गई, जिसे बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोग काफी देर तक मशक्कत करते नजर आए। बारिश के बाद नगर की स्थिति ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।