Home उत्तर प्रदेश निपुण लक्ष्य की राह आसान करेगा FLN प्रशिक्षण,100 शिक्षकों की पांच दिवसीय...

निपुण लक्ष्य की राह आसान करेगा FLN प्रशिक्षण,100 शिक्षकों की पांच दिवसीय ट्रेनिंग शुरू

AURAIYA NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों को दक्ष बनाने के उद्देश्य से FLN आधारित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का शुभारंभ बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र अछल्दा में हुआ। प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी दाताराम ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया. प्रशिक्षण को 50-50 शिक्षकों के दो बैचों में संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण में शामिल सभी शिक्षकों को निर्धारित स्टेशनरी उपलब्ध कराई गई। वहीं प्रत्येक शिक्षक को पांच दिन के प्रशिक्षण के लिए प्रतिदिन 200 रुपये की दर से कुल एक हजार रुपये का प्रशिक्षण भत्ता डीबीटी के माध्यम से बैंक खाते में भेजा जाएगा। बीएसए संजीव कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को कक्षा शिक्षण की प्रभावी तकनीकों से दक्ष बनाना है, ताकि बच्चों की बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद शिक्षक कक्षा एक से पांच तक के कम से कम 80 प्रतिशत बच्चों को निर्धारित निपुण लक्ष्य हासिल कराएं। उन्होंने बताया कि बच्चों की प्रगति का आकलन नवंबर-दिसंबर में डीएलएड प्रशिक्षुओं के माध्यम से कराया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को निपुण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर लेखा कार्यालय से दुर्गेश तिवारी, एसआरजी सुनील दत्त राजपूत व सुभाष रंजन द्विवेदी, एआरपी गरिमा गुप्ता, अमित कुमार पाल, अनुपम कुशवाहा, योगेश प्रताप सिंह, प्रवेश कुमार, शिक्षक संकुल कौशलेंद्र सिंह और कार्यालय सहायक शशिकांत राठौर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।