Home उत्तर प्रदेश नामजद आरोपी फरार, समझौते का दबाव और जान से मारने की धमकियों...

नामजद आरोपी फरार, समझौते का दबाव और जान से मारने की धमकियों का आरोप

JHANSI NEWS: थाना सदर बाजार क्षेत्र निवासी मुस्कान पत्नी उमेश ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में दर्ज मुकदमे के नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने के कारण उनके हौसले बुलंद हैं और वे लगातार उन्हें, उनके पति तथा पूरे परिवार को मुकदमा वापस लेने के लिए धमका रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उनके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। शिकायती पत्र के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को दुकान के बाहर हुए विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया था। इस मामले में थाना सदर बाजार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी अमन सोनकर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। प्रार्थिया का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के चलते फरार आरोपी खुलेआम घूम रहा है और लगातार दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है। प्रार्थिया ने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि फरार आरोपी अमन सोनकर अपने चाचा प्रदीप सोनकर, मनोज सोनकर तथा अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर समझौता करने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि इन लोगों द्वारा आए दिन घर और दुकान के आसपास आकर जान से मारने की धमकी दी जाती है। इतना ही नहीं, मुकदमे के गवाहों को भी डराया-धमकाया जा रहा है ताकि वे न्यायालय में गवाही देने से पीछे हट जाएं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गवाहों के मोबाइल फोन छीनने तक की कोशिश की गई, जिससे वे किसी से संपर्क न कर सकें। मुस्कान का कहना है कि आरोपियों की धमकियों के कारण उनका पूरा परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है। उनके पति उमेश भी दहशत के चलते अपनी दुकान नियमित रूप से नहीं खोल पा रहे हैं, जिससे परिवार की आजीविका भी प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी खुलेआम यह कह रहे हैं कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। प्रार्थिया ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि फरार आरोपी अमन सोनकर सहित सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें, उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही मुकदमे के गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें धमकाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि समय रहते आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वे किसी भी अप्रिय घटना के लिए संबंधित आरोपियों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों को भी उत्तरदायी मानेंगी।