ट्रक मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज
SAHARANPUR NEWS: सहारनपुर नागल मे आबकारी व राज्य कर विभाग की टीम द्वारा ट्रक में भर कर ले जाई जा रही चंडीगढ़ मार्का शराब व बियर की 196 पेटियां पकड़े जाने के मामले में देर रात आबकारी निरीक्षक की ओर से नागल थाने में ट्रक मालिक के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है। बता दें कि बुधवार शाम जीएसटी व आबकारी विभाग की टीम लाखनोर में नेशनल हाईवे 334 के नीचे चेकिंग कर रही थी, इस दौरान उन्हें सूचना मिली थी एक ट्रक में अवैध रूप से शराब ढोई जा रही है, जो कुछ ही देर में यहां से गुजरेगा। ट्रक के आते ही उन्होंने ट्रक के आगे अपना वाहन लगाकर ट्रक रोका। ट्रक रुकते ही ट्रक चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया। दोनों टीमों द्वारा ट्रक कब्जे में लेकर थाने लाया गया। जांच में ट्रक के ऊपर व पीछे की ओर प्लास्टिक कचरों से भरे बोरे मिले जबकि ट्रक के अंदर भारी मात्रा में किंगफिशर, ब्लू स्टॉर्क व बुडवाइजर आदि कम्पनियों की चंडीगढ़ मार्का 196 पेटियां बियर व शराब बरामद हुई। जिसे पुलिस के सुपुर्द किया गया। मामले में आबकारी निरीक्षक अरुण सिंह की ओर से ट्रक मालिक कन्हैया निवासी हाथरस के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया गया है। टीम में असिस्टेंट कमिश्नर आबकारी विशाल वर्मा, राज्यकर अधिकारी जीएसटी सिद्धार्थ अवस्थी, आबकारी निरीक्षक अरुण कुमार, शिखर श्रीवास्तव, हेमंत कुमार, कुलदीप सिंह, देवेंद्र सिंह, बाबूलाल शामिल रहे।







