बैदौली घाट हादसा: परिजनों से मिले कांग्रेस नेता डॉ. नादिर सलाम, बंधाया ढांढस; प्रशासन से की त्वरित सहायता की मांग
SIDHARTHNAGAR NEWS: (ओजै़र खान) तहसील क्षेत्र के बैदौली घाट पर एक दाह संस्कार में शामिल होने आए ग्राम पंचायत माधवपुर (टोला मिझुनिया) निवासी तीन युवकों की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। दोपहर में तीनों युवकों के शव बरामद होते ही गांव सहित आसपास के इलाकों में मातम छा गया। महज़ 18-19 वर्ष की अल्पायु में तीन होनहार युवाओं के असमय निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं 302 विधानसभा शोहरतगढ़ के नेता डॉ. नादिर सलाम शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। संवेदना व्यक्त करते हुए डॉ. नादिर सलाम ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और मर्मांतक हादसा है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इतनी कम उम्र में तीन युवाओं का असमय चला जाना परिवारों के साथ-साथ पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह असहनीय आघात सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
प्रशासन से सुरक्षा इंतज़ामों की मांग
डॉ. सलाम ने स्थानीय प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवारों को सरकारी नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने बैदौली घाट पर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की भी अपील की। इस दौरान उनके साथ मुख्य रूप से सिद्दीक, अलाउद्दीन, अजय कुमार, दिलीप, राजकुमार सहित तमाम स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







