KUSHINAGAR NEWS: जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने अवगत कराया है कि वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत दशमोत्तर छात्रवृत्ति (शैक्षणिक भत्ता एवं शुल्क प्रतिपूर्ति) योजना के प्रभावी संचालन हेतु समय-सारिणी निर्धारित कर दी गई है। यह योजना उत्तर प्रदेश के मूल निवासी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं पर लागू होगी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा मास्टर डाटा तैयार करने का कार्य 22 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक, विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा शुल्क आदि का सत्यापन 23 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा मास्टर डाटा एवं शुल्क का सत्यापन 25 जुलाई से 14 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। नवीनीकरण (Renewal) के छात्र-छात्राएं 15 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर उसकी हार्ड कॉपी शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे, जबकि नवीन (Fresh) छात्र-छात्राएं 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक पंजीकरण एवं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शिक्षण संस्थानों द्वारा आवेदन पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 16 सितंबर से 10 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। जनपदीय समिति द्वारा नवीनीकरण डाटा 21 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक तथा नवीन डाटा 06 दिसंबर से 15 दिसंबर 2026 तक लॉक किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों एवं छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों से शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। उन्होंने निर्देशित किया है कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए शासनादेशों एवं छात्रवृत्ति नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समयबद्ध रूप से पूर्ण कराए जाएं, जिससे उन्हें छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।







