34 वार्डों में विकास कार्य तेज, चेयरमैन राजकुमार मौर्य बोले— शहर को आधुनिक बनाने का अभियान जारी
FATEHPUR NEWS: नगर पालिका परिषद फतेहपुर द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विभिन्न वार्डों में निर्मित 10 सीसी सड़कों का लोकार्पण किया गया। करीब एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार इन सड़कों के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि नगरपालिका बोर्ड की बैठकों में 34 वार्डों के समग्र विकास को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए गए थे, जिनके तहत विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण का कार्य कराया गया। इसी क्रम में 10 वार्डों में सीसी रोड का निर्माण पूर्ण होने के बाद उनका लोकार्पण किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन राजकुमार मौर्य ने कहा कि सभासदों के सहयोग से शहर में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आबूनगर रेडैया क्षेत्र में लगभग 19 लाख रुपये तथा ताम्बेश्वर इलाके में करीब 9.5 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा अस्ती वार्ड-16 में लगभग 9.90 लाख रुपये की लागत से सड़क तैयार की गई है। कुल मिलाकर विभिन्न वार्डों में एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 10 सड़कों का निर्माण कर जनता को समर्पित किया गया है। चेयरमैन एडवोकेट राज कुमार मौर्य ने कहा कि नगर को एक बेहतर और आधुनिक स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर में कई स्थानों पर पार्कों का निर्माण कराया गया है और सड़कों की साफ-सफाई एवं अन्य सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। आने वाले समय में और भी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। नगर पालिका परिषद की इस पहल को शहर के विकास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि शहर की आधारभूत संरचना भी मजबूत होगी। कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों ने नई सड़कों के निर्माण पर खुशी जाहिर करते हुए नगरपालिका के इस प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर सभासद विनय तिवारी, अरुण सिंह, गुड्डू यादव, दीपक मौर्य, निधि पटेल, हबीब बाबू (क्लर्क), जेई अभिषेक पांडेय सहित विभिन्न वार्डों के सभासद एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।







