PRATAPGARH NEWS: मवेशी की टक्कर से टेम्पो अनियंत्रित हो गया। दुर्घटना में किशोर की मौत से घर का इकलौता चिराग बुझ गया। लालगंज कोतवाली के सांगीपुर वार्ड निवासी देव कुमार द्विवेदी(17) पुत्र स्व. उमेश द्विवेदी सोमवार को किसी कार्य से प्रतापगढ़ गया था। देर रात वह प्रतापगढ़ से सवारी वाहन टेम्पो से लालगंज वापस लौट रहा था। नेशनल हाईवे प्रतापगढ़ रायबरेली पर लीलापुर थाना के तिना दुबान के पास मवेशी की अचानक सामने आ जाने से टेम्पो पलटा खा गया। देव कुमार टेम्पो के नीचे दब गया। फोनिक सूचना पर सगरा सुन्दरपुर चैकी पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस घायल को लेकर लालगंज ट्रामा सेंटर आई। यहां गम्भीर दशा में प्रारंभिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही किशोर की मौत हो गयी। बिलखते परिजन शव को लेकर यहां घर वापस आ गए। मंगलवार की सुबह लीलापुर पुलिस ने शव को कब्जे मंे लिया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। मृतक किशोर के पिता की भी कोरोना काल में मौत हो गयी। वह अपने पीछे मां तथा छोटी बहन को निराश्रित छोड़ गया है। मृतक लालगंज में कैटरिंग के जरिए परिवार का भरण पोषण किया करता था। किशोर की मौत से मां को रोता बिलखता देख लोगों की भी आंखें नम हो उठीं दिखी। लीलापुर एसओ वारिज कसेरा का कहना है तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।







