PRATAPGARH NEWS: जिले बदर हिस्ट्री शीटर को गाजे बाजे के साथ उसके घर पहुंची पुलिस ने नोटिस तामील कराते हुए तीन दिन के भीतर सीमा से बाहर जाने को कहा है। लालगंज कोतवाली के रायपुर भगदरा निवासी वीरेन्द्र कुमार उर्फ वीरू पासी हिस्ट्री शीटर है। पुलिस के अनुसार आए दिन वह असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहता है। जिससे सामाजिक व सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा रहता है। लालगंज कोतवाली पुलिस की इसी आख्या के आधार पर जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने हिस्ट्री शीटर को जिला बदर कर दिया है। मंगलवार को रानीगंज कैथौला चैकी पुलिस जिलाधिकारी के आदेश की नोटिस तामील कराने जिला बदर आरोपी के घर पहुंची। गाजे बाजे के साथ पहुंची पुलिस ने आरोपी को जिला बदर की नोटिस पढ़कर सुनाया और तीन दिन के भीतर जिले की सीमा से बाहर चले जाने का निर्देश दिया। लालगंज के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि डीएम के आदेश के बाद हिस्ट्री शीटर को जिला बदर की नोटिस थमा दी गयी है। नोटिस की नियमावली के विपरीत यदि आरोपी जिले में पाया गया अथवा जिले की सीमा में आने का साक्ष्य मिला तो मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी।







