KUSHINAGAR NEWS: विशुनपुरा विकास खंड के ग्राम सभा बभनौली निवासी शंभू चौहान के परिवार पर शुक्रवार की शाम दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के दुबौली गांव के पास स्थित सिधारिया ड्रेन झरही में हुए दर्दनाक हादसे में शंभू चौहान की दो बेटियों और उनके भाई की एक बेटी समेत तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतका बच्चियों की उम्र 10, 11 और 14 वर्ष बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम तीनों बच्चियां खेत में घास काटने गई थीं। झरही किनारे काम करते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गई। उसे बचाने के लिए दूसरी बच्ची कूदी और फिर तीसरी भी मदद को उतरी, लेकिन गहरे पानी के कारण तीनों डूब गईं।
पास मौजूद एक बच्चे ने गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों ने देर रात तक खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। शनिवार सुबह SDRF और पुलिस की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर तीनों के शव बरामद किए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
डीएम -एसपी ने दी सांत्वना
शनिवार सुबह जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया। DM ने कहा कि जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ है और शासन द्वारा अनुमन्य आर्थिक सहायता प्राथमिकता पर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सहायता की औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव में मातम पसरा है







