FATEHPUR NEWS: इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, आरोग्य भारती एवं दि होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में तथा डॉ. सत्यनारायण सेवा फाउंडेशन के संयोजन में शुक्रवार को भावना दिव्यांग संस्थान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तथा आरोग्य भारती के जिला सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान संस्थान में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उनके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया। बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव, संक्रमण से सुरक्षा और बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होम्योपैथिक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने बच्चों को फल, बिस्कुट, चॉकलेट सहित पेंसिल, रबर, कटर आदि शिक्षण सामग्री भी वितरित की। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में भावना दिव्यांग संस्थान की प्रधानाचार्या भावना श्रीवास्तव, प्रमुख सहयोगी अभिनव श्रीवास्तव, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रबंध समिति सदस्य सुनील जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके बेहतर भविष्य के लिए सहयोग का संदेश दिया गया।







