सीआरपीएफ के जवान का पार्थिव शरीर पहुंचने पर बिलख उठे परिजन
PRATAPGARH NEWS: पहलगाम में सीआरपीएफ में तैनात हवलदार रहे प्रेमचन्द्र पाण्डेय का शनिवार को गमजदा माहौल मंे अन्तिम संस्कार हुआ। शुक्रवार की रात करीब दो बजे सेना के वाहन से बलिदानी प्रेमचन्द्र का शव पैतृक गांव चमरूपुर शुक्लान पहुंचा। तिरंगे में बलिदानी का शव देख परिजन बिलख पड़े। बलिदानी को अंतिम विदाई देने के लिए प्रयागराज तथा लखनऊ के केन्द्रीय सुरक्षा बल के जवान भी पहुंचे। नेतृत्वकर्ता कमलेश कुमार सिंह व सर्वजीत सिंह ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। वहीं पुलिस की टुकड़ी ने बलिदानी को सशस्त्र विदाई गॉड ऑफ ऑनर पेश किया। दिवंगत प्रेमचंद्र के अंतिम दर्शन को लेकर गांव तथा आसपास से भी भारी भीड़ जुटी दिखी। पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए घर से श्रृंगवेरपुर घाट के लिए ले जाते समय ग्रामीणों ने भारत माता का जयघोष लगाया। बलिदानी के सम्मान में बाजार में चौराहे पर प्रतिष्ठान भी बंद दिखे। बड़े भाई महेश पाण्डेय ने प्रयागराज के श्रृंगवेरपुर घाट पर दिवंगत प्रेमचन्द्र पाण्डेय को मुखाग्नि दी। क्षेत्रीय विधायक जीतलाल पटेल ने भी जवान के असमय निधन पर संवेदना प्रकट की है।







