BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान ब्यूरो प्रमुख) जनपद बलरामपुर की कोतवाली नगर पुलिस ने दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले में चार वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली नगर पर दर्ज मुकदमा संख्या 138/2026, धारा 80(2), 85 एवं 238 बीएनएस से संबंधित अभियुक्त राकेश कुमार वर्मा, दिनेश कुमार, सरिता वर्मा तथा कान्ती देवी निवासी ग्राम कान्दभारी, थाना कोतवाली नगर, जनपद बलरामपुर को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। राप्ती नदी में मिला था महिला का शव पुलिस को 12 जून 2026 को सूचना मिली थी कि सिरिया के पास राप्ती नदी में एक महिला का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई। जांच में मृतका की पहचान थाना सादुल्लानगर क्षेत्र के रामपुर ग्रन्ट कुर्मी डिहवा निवासी युवती के रूप में हुई। दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री का विवाह 29 अप्रैल 2025 को राकेश वर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर मारपीट की गई और अंततः उसकी हत्या कर शव को राप्ती नदी में फेंक दिया गया। पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।







