BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान ब्यूरो प्रमुख) थाना पचपेड़वा पुलिस ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 7 जून 2026 को ग्राम संग्रामपुर, थाना गैसड़ी निवासी वादी ने थाना पचपेड़वा पर सूचना दी कि उसकी 28 वर्षीय पुत्री का विवाह पांच वर्ष पूर्व ग्राम मठवा कोहरगड्डी निवासी अब्दुल कलीम पुत्र अब्दुल वहाब के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर 5 जून 2026 को उसकी पुत्री के साथ मारपीट की गई और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वादी की तहरीर के आधार पर थाना पचपेड़वा में मुकदमा संख्या 87/2026, धारा 80(2), 85, 352 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में वांछित अभियुक्ता नजबुन्निशा पत्नी अब्दुल वहाब (50 वर्ष) निवासी ग्राम मठवा मोतीपुर सेमरी, थाना पचपेड़वा को 13 जून 2026 को भाथर पुल के पश्चिमी छोर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्ता को न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपितों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।







