Home उत्तर प्रदेश थारू जनजाति बाहुल्य ग्राम सुगानगर डुमरी में डीएम ने लगाई ग्राम चौपाल

थारू जनजाति बाहुल्य ग्राम सुगानगर डुमरी में डीएम ने लगाई ग्राम चौपाल

BALRAMPUR NEWS:  (कमाल खान) “ग्राम की समस्या ग्राम में ही समाधान” अभियान एवं थारू जनजाति बाहुल्य ग्रामों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से संतृप्त किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा विकास खंड पचपेड़वा के ग्राम पंचायत सुगानगर डुमरी में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की तथा योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं पर विशेष फोकस करते हुए संबंधित विभागों को ग्राम को योजनाओं से संतृप्त किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं के सभी पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित वीएचएसएनडी सत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत टीकाकरण तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पोषण संबंधी सेवाओं की भी समीक्षा की। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने तथा आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।