Home उत्तर प्रदेश डीएम ने रक्तदान कर किया जागरूक, मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर...

डीएम ने रक्तदान कर किया जागरूक, मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हुई सहभागिता

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) संयुक्त जिला चिकित्सालय, बलरामपुर स्थित ब्लड बैंक में आयोजित मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया तथा अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान हेतु आगे आने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से शरीर में नए ब्लड सेल्स बनने में मदद मिलती है तथा स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों से नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से व्यापक स्तर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएं। उन्होंने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) एवं पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने की बात कही, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल मानवता की सेवा है, बल्कि इससे समाज में सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना भी मजबूत होती है। रक्तदान से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर बनी रहती है तथा लोगों में मानसिक संतोष और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस शिवांश ,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष श्रीवास्तव एवं ए.के. शुक्ला सहित अन्य लोगों ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। शिविर में उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा रक्तदान से जुड़े लाभों की जानकारी भी दी गई।
रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम, ब्लड बैंक के चिकित्सक, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।