Home उत्तर प्रदेश थाना समाधान दिवस में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सुनी जनसमस्याएं

थाना समाधान दिवस में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सुनी जनसमस्याएं

चतुर्थ शनिवार को जनपद के सभी थानों पर हुआ समाधान दिवस
FATEHPUR NEWS:  शनिवार को जनपद में चतुर्थ शनिवार के अवसर पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना राधानगर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
थाना राधानगर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, कब्जा संबंधी प्रकरणों सहित विभिन्न प्रकार की जन समस्याएं सामने आईं। एसपी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर राजस्व विभाग के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही, जिससे पुलिस और प्रशासन के समन्वय से राजस्व संबंधी मामलों का त्वरित समाधान किया जा सके। इस दौरान कुल 81 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 57 राजस्व विभाग से संबंधित एवं 24 पुलिस से संबंधित रहीं जिसमें से 5 प्रार्थना पत्र राजस्व विभाग के एवं 3 प्रार्थना पत्र पुलिस विभाग के मौके पर निस्तारित किए गए। एसपी ने निर्देश दिए कि जिन मामलों में संयुक्त टीम की आवश्यकता है, वहां पुलिस व राजस्व विभाग मिलकर मौके पर जाकर निस्तारण करें। वहीं, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी व थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में समाधान दिवस आयोजित कर आमजन की शिकायतों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने मौके पर ही कई शिकायतों का निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों के लिए समय सीमा निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई। पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित इस पहल से आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ मंच मिल रहा है, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास की भावना बढ़ रही है।