PRAYAGRAJ NEWS: नवाबगंज थाना क्षेत्र के मंसूराबाद बाईपास हाईवे पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अपनी मां के साथ किराना का सामान खरीदने आई 6 वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची हवा में करीब 10 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरी और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के श्रृंगवेरपुर धाम निवासी सुल्तान की 6 वर्षीय पुत्री साइना बानो अपनी मां नाजो बानो के साथ मंसूराबाद बाईपास स्थित एक परचून की दुकान पर सामान खरीदने गई थी। मां-बेटी सड़क किनारे खड़ी थीं, तभी प्रयागराज की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित अर्टिगा कार ने मासूम साइना को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार बेहद तेज थी कि टक्कर लगते ही मासूम साइना हवा में लगभग 10 फीट ऊपर उछली और फिर सड़क पर आ गिरी। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बच्ची ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। हादसे को अपनी आंखों के सामने देखने वाली मां नाजो बानो का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







