JAUNPUR NEWS: शहर के व्यस्ततम मोहल्लों रौजा अर्जन और गदन अर्जानी में कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस सभासद शाहनवाज मंजूर ने किया।बताया जाता है कि क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति लगभग पूरी तरह ठप है, जिससे भीषण गर्मी के बीच लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिजली न होने से पानी की आपूर्ति भी बाधित है, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बड़ी मस्जिद चैराहे से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट तक मार्च किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने हिस्सा लिया। जुलूस सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ और लगभग 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन में बदल गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका कहना है कि न तो अधिकारी फोन उठा रहे हैं और न ही खराबी को दूर कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल कराने तथा पेयजल संकट का समाधान कराने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस के शहर अध्यक्ष आरिफ खान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







