Home उत्तर प्रदेश डीएम ने जनसुनवाई में 58 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

डीएम ने जनसुनवाई में 58 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

कलेक्ट्रेट में सुनी गईं दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं
FATEHPUR NEWS: जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई में कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व, विकास, सामाजिक योजनाओं सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि अधिकतर शिकायतों का समाधान विकासखंड एवं तहसील स्तर पर ही कर लिया जाए, जिससे आम जनता को अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े और उन्हें त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।