MIRZAPUR NEWS: किलर किंग रोड के नाम से कुख्यात शक्ति नगर-सोनभद्र मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक दंपति की मौके पर मौत हो गई। हादसे में उनकी नाबालिग बेटी बाल-बाल बची, जबकि तीन बच्चे माता-पिता के साए से हमेशा के लिए वंचित हो गए।महुली चौराहा पर सुबह करीब 10 बजे यह हादसा हुआ। ग्राम सरिया अहरौरा निवासी गौतम पुत्र दुक्खु (35) अपनी पत्नी फुलादेवी (29) और बेटी के साथ बाइक से जा रहे थे। तभी सोनभद्र की ओर से तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। बेटी छिटककर दूर गिर गई और बच गई, लेकिन दंपति ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक दंपति के तीन बच्चे—ममता (16), चांदनी (14) और गुलशन (12)—अब अनाथ हो गए हैं। ट्रेलर चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और ट्रेलर को थाने लाकर यातायात सुचारू किया। फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।स्थानीय लोगों ने बार-बार हो रहे हादसों पर नाराजगी जताते हुए भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्त नियंत्रण की मांग की है।





