MIRZAPUR NEWS (सुनील कुमार गुप्ता) अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुदारन चौराहे के पास गुरुवार दोपहर लगभग 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से सोनभद्र जा रहा एक ट्रक अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसा इतना भयावह था कि घर में मौजूद लोग ट्रक के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही अहरौरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से दो घायलों को निकालकर सीएचसी चचेरी मोड़, चुनार भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतकों की पहचान राजाराम (47 वर्ष), पुत्र स्व. श्रीराम,सुखिया (70 वर्ष), पत्नी स्व. श्रीराम,चाँदतारा (45 वर्ष), पत्नी सीताराम के रुप में हुई है, तीनों ग्राम कुदारन, थाना अहरौरा जनपद मीरजापुर के निवासी है। इस सड़क हादसे में सुहानी (12 वर्ष), पुत्री चंद्रशेखर, निवासी मुजेहरा, थाना कोतवाली देहात, मीरजापुर व सुनील शर्मा (45 वर्ष), पुत्र रामसुभग, निवासी कुदारन, थाना अहरौरा मीरजापुर घायल हो गई। जिनका उपचार ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में चल रहा है। हादसे के बाद वाराणसी–सोनभद्र हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों तक पूरी तरह बाधित रहा। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को भी बंद करा दिया गया। पुलिस द्वारा क्रेन की सहायता से ट्रक को हटाने और यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







