Home उत्तर प्रदेश झारखंड सरकार के विरोध में अभाविप का प्रदर्शन, पटेल नगर में किया...

झारखंड सरकार के विरोध में अभाविप का प्रदर्शन, पटेल नगर में किया बुद्धि-शुद्धि यज्ञ

FATEHPUR NEWS: झारखंड में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को अभाविप की फतेहपुर इकाई ने पटेल नगर चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया और सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर अपना विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की समस्याओं और मांगों को सुनने के बजाय उनके आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस बल का प्रयोग किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जांच कराने, दर्ज मुकदमे वापस लेने और दमनात्मक कार्रवाई बंद करने की मांग की गई। अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और प्रश्नपत्र लीक के विरोध में छात्र आंदोलन कर रहे हैं। छात्र हितों की आवाज उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगा। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला संयोजक वेदांशी सिंह ने किया। इस दौरान विभाग संयोजक अक्षय त्रिपाठी, विभाग संगठन मंत्री प्रशांत दीक्षित, प्रांत खेलो भारत संयोजक आदित्यांश सिंह, प्रांत कार्यसमिति सदस्य हिमांशु त्रिपाठी, नगर मंत्री हरि ओम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।