Home उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने किया सघन चेकिंग

स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने किया सघन चेकिंग

आरपीएफ – जीआरपी समेत कई टीमों ने चलाया सर्च अभियान
FATEHPUR NEWS: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में शुक्रवार को रेलवे स्टेशन परिसर और आने-जाने वाली ट्रेनों में आरपीएफ, जीआरपी, स्थानीय पुलिस एवं एलआईयू की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर, पार्किंग स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार सहित अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की। सुरक्षा टीमों ने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की तथा उनके सामान की तलाशी ली। अभियान के दौरान स्टेशन से होकर गुजरने वाली और स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में भी पुलिस टीमों ने यात्रियों तथा उनके सामान की जांच की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही लावारिस वस्तुओं की भी जांच की गई। पुलिस टीम ने यात्रियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतें। स्टेशन अथवा ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या लावारिस सामान दिखाई देने पर उसे स्वयं न छुएं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य किसी भी असामाजिक या संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्वतंत्रता दिवस का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।