Home उत्तर प्रदेश झांसी मंडल में सजी तिरंगे के गौरवशाली इतिहास की प्रदर्शनी

झांसी मंडल में सजी तिरंगे के गौरवशाली इतिहास की प्रदर्शनी

रेल कर्मियों और विद्यार्थियों ने जानी राष्ट्रीय ध्वज की विकास यात्रा, देशभक्ति का दिया संदेश
JHANSI NEWS: ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में बुधवार को विशेष तिरंगा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य रेलकर्मियों एवं विद्यार्थियों को भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, विकास और राष्ट्रीय जीवन में उसके महत्व से परिचित कराना रहा। प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक झांसी अनिरुद्ध कुमार ने किया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से तिरंगे की ऐतिहासिक यात्रा, समय-समय पर हुए बदलाव तथा वर्तमान स्वरूप के विकास की जानकारी दी। प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न चरणों में राष्ट्रीय ध्वज के स्वरूप में हुए परिवर्तन, तिरंगे के रंगों एवं प्रतीकों का महत्व तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को क्रमबद्ध एवं आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को तिरंगे के पीछे छिपे संघर्ष, त्याग, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को समझने का अवसर मिला। प्रदर्शनी का अवलोकन बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों के साथ केंद्रीय विद्यालय, रानी लक्ष्मीबाई जूनियर हाई स्कूल एवं गांधी स्मारक जूनियर हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने किया। विद्यार्थियों ने तिरंगे के इतिहास और उसके राष्ट्रीय महत्व को जानने में विशेष रुचि दिखाई। इस अवसर पर एडीआरएम /इंफ़्रा पी.पी. शर्मा, एडीआरएम /ओपी  नंदीश शुक्ला, गौरव,गिरिश कंचन, सीमा तिवारी, सुधाकर कुमार मीना,  आदेश कुमार मिश्र सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं रेल कर्मचारी मौजूद रहे। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से झांसी मंडल ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। साथ ही युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए तिरंगे की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।