Home उत्तर प्रदेश जौनपुर में जगदेव यादव की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

जौनपुर में जगदेव यादव की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित

वक्ताओं ने सामाजिक योगदान को किया याद, समाज सुधार में भूमिका को बताया प्रेरणादायक
FATEHPUR NEWS: अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त मंत्री रहे स्वर्गीय जगदेव यादव की पांचवीं पुण्यतिथि पर जौनपुर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा की जौनपुर इकाई के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रभारी तथा जिला अध्यक्ष लाल जी यादव ने की। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय जगदेव यादव के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जगदेव यादव का जौनपुर जनपद से विशेष जुड़ाव रहा और वे कई अवसरों पर यहां आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते थे। सभा में उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए बताया गया कि उन्होंने करीब 50 वर्षों तक यादव महासभा के माध्यम से समाज सेवा और संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान श्रम संविदा बोर्ड के चेयरमैन एवं राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) के रूप में भी उन्होंने जनहित के कई कार्य किए, जो आज भी लोगों के बीच मिसाल के रूप में याद किए जाते हैं। वक्ताओं ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों के खिलाफ उनका संघर्ष और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए किया गया कार्य हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में भगवान श्री कृष्ण से प्रार्थना की गई कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उन्हें शांति प्रदान करें।