जिलाधिकारी ने भू-माफियाओं को चिन्हित कर कार्यवाही के दिए निर्देश
KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ.अमित पाल ने आज उदयन सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने वाणिज्यकर, परिवहन, स्टॉम्प एवं रजिस्ट्रेशन, खनन, विद्युत, वन विभाग, मण्डी, आबकारी एवं नगर निकाय के राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि कार्ययोजना बनाकर अभी से लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में प्रगति सुनिश्चित किया जाय। जिलाधिकारी ने तहसीलवार बड़े बकायेदारों से आर.सी. वसूली की प्रगति की समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर तहसीलदार,मंझनपुर को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को नियमित रूप से आर.सी. वसूली की प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी उप जिलाधिकारियों/तहसीलदारों को राजस्व वादों के निस्तारण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भू-माफियाओं को चिन्हित कर, उनके विरुद्ध कार्यवाही किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शालिनी प्रभाकर एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहें।







