Home उत्तर प्रदेश जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा ने रक्तदान कर दिया मानवता का...

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी प्रगति मिश्रा ने रक्तदान कर दिया मानवता का संदेश

जिला अस्पताल में रक्त की कमी को देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी ने लगाया रक्तदान शिविर
FATEHPUR NEWS: जिला अस्पताल में रक्त की कमी को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा के मार्गदर्शन में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी फतेहपुर द्वारा विकास भवन सभागार में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन रेडक्रॉस सोसाइटी के संयोजक एवं चेयरमैन फतेहपुर तथा उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुआ। शिविर के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित उपस्थित रहीं। शिविर में कुल 6 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि 15 लोगों ने भविष्य में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में रक्तदान करने के लिए अपना पंजीकरण कराया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। रक्तदान करने वालों में सबसे पहले प्रगति मिश्रा (जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी) ने रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया। इसके बाद सूरज सविता, रामेश्वर, अखिलेश कुमार, रंजीत सिंह तथा सुधांशु श्रीवास्तव ने भी मानवता की सेवा के उद्देश्य से रक्तदान किया। अत्यधिक वर्षा के कारण कुछ इच्छुक रक्तदाता शिविर में नहीं पहुंच सके। इसे देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी ने शीघ्र ही पुनः रक्तदान शिविर आयोजित करने की घोषणा की। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीणा ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संगठन का उत्साहवर्धन किया। वहीं डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने विकास भवन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। इस अवसर पर जिला अस्पताल रक्तकेन्द्र से डॉ. डी.के. वर्मा, रक्त संचरण समिति के संयोजक अशोक शुक्ल, बृजकिशोर, विनोद कुमार, अजय कुमार एवं कमला प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।