PRAYAGRAJ NEWS: जिला अधिवक्ता संघ इलाहाबाद के चुनावी माहौल में मंगलवार को उस समय उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब पुस्तकालय अध्यक्ष उपविजेता (लाइब्रेरियन) पद के प्रत्याशी राशिद अली ने अपने समर्थकों और अधिवक्ता साथियों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की मौजूदगी ने चुनावी सरगर्मी को और तेज कर दिया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए राशिद अली के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पूरे परिसर में उत्साह और जोश का माहौल बना रहा। इस अवसर पर राशिद अली ने सभी अधिवक्ता साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो सम्मान, स्नेह और समर्थन मिला है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के हित, पुस्तकालय व्यवस्था के आधुनिकीकरण और युवा वकीलों की सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। राशिद अली ने कहा कि जिला अधिवक्ता संघ की गरिमा और अधिवक्ताओं के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि अधिवक्ता साथी उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करेंगे।
नामांकन के दौरान न्यायालय परिसर में समर्थकों की भीड़ और अधिवक्ताओं की एकजुटता चर्चा का विषय बनी रही। चुनाव को लेकर अधिवक्ता समुदाय में खासा उत्साह देखा जा रहा है।







