पानी से होकर स्कूल पहुंच रहे बच्चे, शौचालयों में भरा पानी; सपा नेता रामतीर्थ परमहंस ने गांव पहुंचकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
FATEHPUR NEWS: खागा विधानसभा क्षेत्र के पल्लावा अजरौली गांव में लगातार बारिश और जलभराव के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गांव की गलियों और कई घरों में पानी भर जाने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जलभराव के चलते आवागमन प्रभावित है और ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार कई शौचालयों में पानी भर गया है, जबकि कुछ परिवारों के पास शौचालय की सुविधा भी नहीं है। ऐसे में लोगों को शौच क्रिया के लिए जंगल की ओर जाना पड़ रहा है। वहीं स्कूली बच्चों को भी जलभराव के बीच से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से स्थिति और गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर इंजन लगाकर पानी निकालने की कवायद शुरू की है, ताकि घरों और गलियों में भरे पानी से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई कच्चे मकान गिर चुके हैं। कई परिवार क्षतिग्रस्त और जर्जर मकानों में जान जोखिम में डालकर रहने को मजबूर हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत और जलनिकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है। ग्रामीणों की सूचना पर समाजवादी पार्टी के नेता एवं खागा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी तथा पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस गांव पहुंचे। उन्होंने जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट की समस्या भी उनके सामने रखी। ग्रामीणों का कहना था कि जल जीवन मिशन के तहत गांव में पानी की टंकी और घरों तक नल तो लगाए गए हैं, लेकिन नियमित रूप से पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है। रामतीर्थ परमहंस ने ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर प्रशासन के समक्ष मामला रखा जाएगा, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जा सके। इस दौरान समाजवादी पार्टी छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव विजय सिंह विधायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।







