Home उत्तर प्रदेश जफराबाद में भीषण आग से घर खाक, बाइक समेत 20 बोरी धान...

जफराबाद में भीषण आग से घर खाक, बाइक समेत 20 बोरी धान जला

देखते ही देखते राख में तब्दील हुआ गरीब का आशियाना
भारतीय किसान यूनियन ने मौके पर पहुंचकर दिलाया भरोसा
प्रशासन ने राहत व सहायता का दिया आश्वासन
FATEHPUR NEWS:  खागा तहसील क्षेत्रांतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष के जफराबाद मजरे मंडवा गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब राजू यादव के घर में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरा घर जलकर खाक हो गया और गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने से एक मोटरसाइकिल, लगभग 12 कुंतल धान (करीब 20 बोरी) सहित घर में रखा अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने खाने-पीने और रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के युवा जिलाध्यक्ष विवेक सिंह एडवोकेट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ युवा ब्लॉक अध्यक्ष ऐरायां दीपक मौर्य और ब्लॉक महासचिव बालराज सिंह समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उधर, प्रशासन को सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अरविंद कुमार अपनी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे उनके साथ ब्लॉक से ग्राम विकास अधिकारी विपिन तिवारी भी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से पीड़ित को रहने के लिए आवास उपलब्ध कराने, फिलहाल कोटेदार के माध्यम से राशन दिलाने तथा तहसील स्तर से हर संभव आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार दोबारा अपनी जिंदगी पटरी पर ला सके।