Home उत्तर प्रदेश जनपद बलरामपुर की बेटियां, छू रही नई ऊंचाइयां

जनपद बलरामपुर की बेटियां, छू रही नई ऊंचाइयां

BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जनपद बलरामपुर की बेटियां निरंतर नई ऊंचाइयों को छूते हुए साहस, आत्मविश्वास और संकल्प की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत कर रही हैं। इसी क्रम में जनपद की तीन बालिकाएं एवरेस्ट बेस कैंप अभियान के तहत अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ रही हैं। यह बालिकाएं दिनांक 07 मई 2026 को जनपद से अभियान के लिए रवाना हुई थीं और वर्तमान में कठिन पर्वतीय मार्गों को पार करते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। कठिन परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण रास्तों के बीच इन बालिकाओं का उत्साह एवं आत्मबल अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है। पर्वतीय क्षेत्र की कठिन चढ़ाई एवं प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद बालिकाएं पूरे आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अभियान में सहभागिता कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, साहसिक भावना एवं बड़े सपने देखने की प्रेरणा विकसित करना है। एवरेस्ट बेस कैंप जैसे चुनौतीपूर्ण अभियान में सहभागिता से बेटियों में शारीरिक एवं मानसिक मजबूती का विकास हो रहा है तथा उन्हें जीवन में कठिन चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा मिल रही है। जनपद प्रशासन द्वारा बालिकाओं को शिक्षा, खेल एवं साहसिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे बेटियां आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकें।