BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जनपद में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के अंतर्गत जनपद के तीनों तहसीलों में 03 दिवसीय प्रगणक एवं सुपरवाइजर प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। सीएमएस इंटर कॉलेज (सिटी मॉन्टेसरी स्कूल) बलरामपुर में 3 दिवसीय प्रगणक एवं सुपरवाइजर प्रशिक्षण का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में किया गया। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण में उपस्थित प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को जनगणना के महत्व, प्रक्रिया एवं उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है, इसलिए सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार जनगणना में स्वगणना (Self Enumeration) की सुविधा भी प्रदान की गई है, जो दिनांक 07 मई 2026 से 21 मई 2026 के मध्य होगी। इसके अंतर्गत नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने सभी कार्मिकों को स्वगणना के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को उनके कार्यक्षेत्र के समीप हाउस लिस्टिंग ब्लॉक आवंटित किए जाएं, जिससे कार्य सुचारू एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो सके। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना प्रपत्रों की जानकारी, डेटा संकलन की विधि, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा सत्यापन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रशिक्षणार्थियों की समझ को परखने हेतु अभ्यास सत्र भी आयोजित किए गए। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विभिन्न चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत अलग-अलग बैचों में प्रगणक एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण का समय प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 06 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर तहसील उतरौला एवं तुलसीपुर के प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणक एवं सुपरवाइजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे। कार्यक्रम में एसडीएम बलरामपुर श्री हेमंत गुप्ता व अन्य संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षकगण एवं जनगणना से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।







