Home उत्तर प्रदेश चोरी के माल समेत लालगंज पुलिस ने अर्न्तजनपदीय बदमाशों को दबोचा, गये...

चोरी के माल समेत लालगंज पुलिस ने अर्न्तजनपदीय बदमाशों को दबोचा, गये जेल

PRATAPGARH NEWS: लालगंज कोतवाली पुलिस ने चोरी के माल समेत पांच अर्न्तजनपदीय बदमाशों को दबोचने में सफलता ली है। एसपी दीपक भूकर के अपराध नियंत्रण अभियान के तहत लालगंज के प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार के दिशा निर्देश के तहत पुलिस टीम ने प्रयागराज तथा जौनपुर और कौशाम्बी के बदमाशों के साथ जिले के दो बदमाशों को धर दबोचा है। दरोगा बनवारी लाल पाल व मिथलेश चौरसिया तथा महिला उपनिरीक्षक दीपिका सिंह के साथ पुलिस टीम ने चार बदमाशों पर भदारी कला जंगल के पास से हिरासत में लिया। वहीं एक अभियुक्ता को पुलिस टीम ने उसके घर से हिरासत में लिया। पकड़े गये बदमाशों के पास से पुलिस टीम ने सोने की गलाई गयी धातु के साथ चोरी के पैसे से बदमाशों द्वारा खरीदे गये आईफोन व एक बिना नम्बर की बाइक भी बरामद किया है। पूछताछ के बाद प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना के ग्राम धोनू का पुरवा निवासी सौरभ मिश्रा पुत्र रवीन्द्र मिश्र तथा पूरे छेमी की एक अभियुक्ता व प्रयागराज जिले के करैली थाना के न्याय का पुरवा निवासी आशीष केसरवानी पुत्र चन्द्रशेखर, जौनपुर जिले के थाना मुगरा बादशाहपुर के मधुपुर निवासी शुभम मिश्रा पुत्र बृजेश कुमार तथा कौशाम्बी जिले के थाना तरवा के लोही निवासी अमरजीत प्रजापति पुत्र कामता प्रसाद को चोरी के आरोप में पुलिस ने जेल भेज दिया। बता दें बीती पन्द्रह अप्रैल की रात ग्राम छेमी पूरे नोती में पीड़िता के घर से बदमाशों ने दरवाजे का ताला तोड़कर जेवरात व बर्तन तथा टीवी चोरी कर लिया था। पुलिस द्वारा पीड़िता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। चोरी की घटना के त्वरित खुलासे को लेकर एएसपी पश्चिमी बृजनन्दन राय तथा लालगंज सीओ आशुतोष मिश्रा ने प्रभारी निरीक्षक आलोक समेत पुलिस टीम की सराहना की है।