Home उत्तर प्रदेश चोक नालों से सहकारी समिति में भरा पानी, 170 बोरी खाद हुई...

चोक नालों से सहकारी समिति में भरा पानी, 170 बोरी खाद हुई खराब

किसानों ने किया प्रदर्शन
FATEHPUR NEWS: धाता विकासखंड के रोहिल्लापुर ग्राम पंचायत स्थित पौली साधन सहकारी समिति में नालों के चोक होने से हुए भीषण जलभराव के कारण बड़ी मात्रा में खाद खराब हो गई। घटना से नाराज किसानों और ग्रामीणों ने गुरुवार को समिति परिसर में प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि समिति परिसर के पास स्थित बड़े नाले और ग्राम पंचायत की नालियों की वर्षों से सफाई नहीं कराई गई। लगातार हो रही बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित होने से पूरा सहकारी समिति परिसर जलमग्न हो गया। जलभराव की चपेट में आने से वहां रखी खाद भी खराब हो गई। सहकारी साधन समिति के सचिव सचिन मानसिंह ने बताया कि जलभराव के कारण 105 बोरी यूरिया और 65 बोरी डीएपी, कुल 170 बोरी खाद खराब हो गई है, जिससे समिति को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में वर्षों से नालों और नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी रहती है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। किसानों ने जिलाधिकारी से खराब हुई खाद का आकलन कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, साथ ही ग्राम पंचायत में विशेष सफाई अभियान चलाकर चोक पड़े नालों और नालियों की तत्काल सफाई कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।