SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में विकास खण्ड इटवा के ग्राम पंचायत कठेला गर्वी में “ग्राम चौपाल-गांव की समस्या गांव में समाधान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान खण्ड विकास अधिकारी इटवा ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा गांवों में ही चौपाल लगाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सीमावर्ती गांवों में बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी और सड़क सुविधा विकसित करने, किसानों के गेहूं की खरीद एमएसपी पर कराने तथा फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। जिलाधिकारी ने आयुष्मान कार्ड बनवाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं के समाधान, पेंशन योजनाओं (वृद्धा, विधवा, दिव्यांग) के लाभ दिलाने तथा राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, वरासत, पैमाइश एवं प्रमाण-पत्रों (जन्म, आय, जाति, निवास) के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि सरकार की ओर से उन्हें आर्थिक सहायता एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा आपदा राहत, कृषक दुर्घटना बीमा योजना एवं अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परिवारों में विवाह समारोह हैं, वे उपजिलाधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक से संपर्क कर आवश्यकतानुसार गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। ग्राम चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, उपकृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पाण्डेय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी गणेश प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, खण्ड विकास अधिकारी इटवा सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।







