जंतर – मंतर के छात्रों एवं युवाओं के प्रदर्शन के समर्थन में हुआ प्रदर्शन
FATEHPUR NEWS: गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुरुवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम तथा जिलाधिकारी को अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सिर पर काली पट्टी बांधकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और शिक्षा सुधारों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस कार्रवाई का विरोध जताया। संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम भेजे गए ज्ञापन में मांग की कि पेपर लीक से उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। साथ ही जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा गौ माता को राष्ट्र मात का दर्जा दिए जाने की भी मांग की गई। जिलाधिकारी को सौंपे गए पंचसूत्रीय ज्ञापन में जनपद की विभिन्न स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। इसमें अघोषित बिजली कटौती समाप्त कर रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, यूरिया एवं डीएपी की उपलब्धता बढ़ाने और कालाबाजारी रोकने, जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को पूरा कर सड़कों की मरम्मत कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र गरीब एवं भूमिहीन परिवारों का पुनः पारदर्शी सर्वे कराने तथा धान की सिंचाई के लिए नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग शामिल रही। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि संगठन छात्रों, बेटियों और किसानों के साथ होने वाले किसी भी अन्याय का विरोध करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक आंदोलन करेगा। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में संगठन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सरला सिंह, जिला उपाध्यक्ष मरियम जहां, महासचिव संयोगिता वर्मा, हसवा ब्लॉक अध्यक्ष मीना सिंह, उपाध्यक्ष संगीता देवी, कुशमा, उत्तरा, सरिता, शहजादी, नजमा, आरती, असीमुन, मेहनाज सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।







