KAUSHAMBI NEWS: सैनी कोतवाली क्षेत्र के खोचकीमई गांव के सामने शनिवार की दोपहर ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही सैनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा, जहां कड़ा निवासी जियालाल पुत्र मंगल प्रसाद 50 वर्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है। जियालाल हृदय रोग से पीड़ित बताए जा रहे हैं। हादसे में उनकी पत्नी प्रीति सोनकर (42), तीन वर्षीय पुत्री लाडो तथा ई-रिक्शा चालक संतोष कुमार (60) पुत्र रामस्वरूप, निवासी कड़ा भी घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग ई-रिक्शा से कड़ा से मंझनपुर इलाज के लिए जा रहे थे। जैसे ही सैनी कोतवाली क्षेत्र के खोचकीमई गांव के सामने पहुंचे तभी सामने से आ रहे चार पहिया वाहन ने ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए। वहीं चार पहिया वाहन में औरेनी निवासी मुन्नू लाल पुत्र सुंदरलाल सवार था, जो मंझनपुर से अपने गांव जा रहा था। दुर्घटना के बाद चार पहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी व थाना प्रभारी सैनी त्रिलोकी नाथ पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।








