Home उत्तर प्रदेश खेत तालाबों का समयबद्ध निर्माण कर वर्षा जल संचयन बढ़ाएं: डीएम

खेत तालाबों का समयबद्ध निर्माण कर वर्षा जल संचयन बढ़ाएं: डीएम

जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, किसानों तक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश

JHANSI NEWS: जिले में भूमि एवं जल संरक्षण कार्यों को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2025-26 की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत संचालित खेत तालाब योजना के सभी ऑनलाइन आवेदनों का शीघ्र भौतिक सत्यापन कराने तथा तालाबों की खुदाई समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षाकाल में अधिकतम जल संचयन सुनिश्चित करने के लिए कार्यों में तेजी लाई जाए, जिससे किसानों को योजना का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही खेत तालाब योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना की समीक्षा करते हुए दोहित एवं अतिदोहित क्षेत्रों में जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने, बंजर एवं बीहड़ भूमि का उपचार कर उसे कृषि योग्य बनाने तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन ने भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं का ग्राम स्तर तक प्रभावी प्रचार-प्रसार किए जाने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक किसान इनका लाभ उठा सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।