पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा से शिक्षकों-कर्मचारियों को मिलेगी राहत
FATEHPUR NEWS: रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में रविवार को रसोइया सम्मान समारोह एवं मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ अवसर पर विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों और कर्मचारियों को योजना की जानकारी दी गई तथा 30 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक अभय प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों के हित में भी लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने डीबीटी के माध्यम से बच्चों को मिलने वाली 1200 रुपये की धनराशि और शिक्षकों के वेतन खातों को एसबीआई से जोड़ने के प्रस्तावित एमओयू का भी उल्लेख किया। नोडल अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी हथगाम नरेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, अन्य कर्मचारियों और उनके आश्रितों को प्रति परिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गंभीर बीमारी या महंगे इलाज की स्थिति में यह योजना परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत देगी। उन्होंने बताया कि योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से किया गया, जिसके क्रम में खागा में विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। विशिष्ट अतिथि खागा नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह, समीक्षा अधिकारी यतीन्द्र कुमार मिश्र, एडीओ कृषि देवेंद्र कुमार मिश्र सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अम्बिका प्रसाद मिश्र ने किया, जबकि जिला महामंत्री विजय कुमार त्रिपाठी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विकासखंड के एआरपी रघुराज मौर्य, समर बहादुर सिंह, आकाश कुमार सिंह, दीपक मौर्य, शेष नारायण दुबे, अजय सिंह, हरि भूषण सिंह, रंजीत सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, मनोज कुमार, हथगाम ब्लॉक के पूर्व एआरपी सत्येंद्र सिंह, अजय कुमार, विपिन त्रिपाठी, दानिश सिद्दीकी, नोडल संकुल लाल चंद्र, अरविंद सिंह, प्रेम प्रकाश सिंह, इजहारुल हक, रुपाली गुप्ता, सपना देवी, वीरभान, रंजना सिंह, गरिमा सिंह, ममता देवी, दीपा अग्रहरी, नीरज कुमार, कृष्णावतार शर्मा, रुद्र पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षा विभाग से जुड़े लोग उपस्थित रहे।







