Home आस्था खाकी बाबा कुटी में धूमधाम से मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव

खाकी बाबा कुटी में धूमधाम से मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव

हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के थाना सुल्तानपुर घोष अंतर्गत नौबस्ता आश्रम स्थित खाकी बाबा कुटी, खरगूपुर बरगला में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं, साधु-संतों एवं भक्तों ने सहभागिता कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के एक दिन पूर्व आश्रम परिसर में संगीतमय अखंड श्रीराम नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। नवयुवक रामायण संगीत मंडल, इजूरा खुर्द द्वारा प्रस्तुत संकीर्तन से पूरा आश्रम भक्तिमय वातावरण में डूब गया। रातभर चले रामनाम संकीर्तन में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे। झांसी सहित विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आश्रम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन समिति के अनुसार लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं एवं साधु-संतों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर आश्रम के महंत 1008 वेदांती रामबालक दास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए भगवान श्रीराम के नाम स्मरण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि कलियुग में ईश्वर के नाम का जप ही मोक्ष का सबसे सरल और श्रेष्ठ मार्ग है। उन्होंने रामचरितमानस की प्रसिद्ध चौपाई— कलियुग केवल नाम अधारा। सुमिरि सुमिरि नर उतरहिं पारा।। — का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं से नियमित रूप से प्रभु नाम का स्मरण करने का आह्वान किया। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु आश्रम पहुंचे, साधु-संतों के दर्शन किए तथा गंगा स्नान कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर महंत 1008 वेदांती रामबालक दास महाराज ने साधु-संतों को सम्मानपूर्वक भोजन कराने के बाद दक्षिणा भेंट कर विदाई दी। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक वातावरण का अद्भुत संगम देखने को मिला।