Home उत्तर प्रदेश कौशांबी में 250 शिक्षामित्र व अनुदेशक सम्मानित, उदयन सभागार में दिखा उत्साह

कौशांबी में 250 शिक्षामित्र व अनुदेशक सम्मानित, उदयन सभागार में दिखा उत्साह

KAUSHAMBI NEWS: जिला मुख्यालय स्थित उदयन सभागार में मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षामित्र/अनुदेशक मानदेय वृद्धि सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जनपद भर से आए शिक्षामित्रों और अनुदेशकों में खासा उत्साह दिखा। करीब 250 शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को शाल, माला, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर से प्रसारित संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई। मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना और मानदेय वृद्धि की घोषणा का सभागार में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया। इसके बाद मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विधायक चायल पूजा पाल, राज्य महिला आयोग सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, निवर्तमान विधायक संजय गुप्ता, जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा एवं डायट प्राचार्या निधि शुक्ला ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने शिक्षामित्रों को विभाग की रीढ़ बताते हुए ‘स्कूल चलो अभियान’ और कायाकल्प योजना की प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करेगा। समारोह का सबसे महत्वपूर्ण क्षण वह रहा जब विभिन्न विकास खंडों से चयनित शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रमुख रूप से बीरेंद्र केसरवानी, रत्नाकर सिंह,  तलत सहित अन्य शिक्षामित्रों को शाल, माला व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, प्रमोद कुमार गुप्ता, जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) धर्मनाथ, सामुदायिक सहभागिता समन्वयक अवधेश कुमार, बालिका शिक्षा समन्वयक योगेश, डीसीएमआईएस वरुण, लिपिक अनिल मिश्रा, गौरव, सुरेश कुशवाहा, दिलीप तिवारी, चंद्रबली, कृष्ण प्रकाश, नरेंद्र, रामविशाल, मनदीप सहित बड़ी संख्या में एआरपी (ARP) गण उपस्थित रहे। इसके अलावा रंगोली व स्टॉल व्यवस्था में रुपाली, वंदना, अंजलि मिश्रा, तपस्या भारती, वनीता, अतुल प्रजापति, आराधना मिश्रा, व्योमेश आदि का विशेष सहयोग रहा।
विधायक पूजा पाल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की नींव होते हैं। प्रतिभा कुशवाहा ने जनपद की शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना की। संजय गुप्ता ने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा की अलख जगाए रखने को सराहनीय बताया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील की और ‘निपुण भारत’ मिशन को सफल बनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि कल्पना सोनकर ने सभी शिक्षामित्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने किया, जबकि अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों व बच्चों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का हुआ समापन।