चारधाम यात्रा पूर्ण होने पर जताया आभार, हरिद्वार के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था
KAUSHAMBI NEWS: जनपद कौशांबी से चारधाम यात्रा पर निकला श्रद्धालुओं का जत्था बुधवार को अपने अंतिम पड़ाव पवित्र बद्रीनाथ धाम पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने स्वयं, परिवार, क्षेत्र व देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के सहयोग से उन्हें बद्रीनाथ धाम में विशेष दर्शन व पूजा-अर्चना की व्यवस्था प्राप्त हुई। मंत्री द्वारा यात्रा के दौरान किए गए सहयोग पर श्रद्धालुओं ने उनका आभार जताया। बद्रीनाथ धाम के दर्शन के पश्चात श्रद्धालुओं का जत्था भारत के अंतिम गांव माणा पहुंचा, जहां उन्होंने सरस्वती नदी के उद्गम स्थल, पांडवों के स्वर्गारोहण मार्ग, गणेश गुफा, वेदव्यास गुफा व भीम पुल का भ्रमण कर पौराणिक व धार्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। हिमालय की वादियों में स्थित इन स्थलों को देखकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। माणा गांव का भ्रमण करने के बाद श्रद्धालुओं का जत्था हरिद्वार के लिए रवाना हो गया।
यात्रा दल में मनौरी निवासी मनोज कुमार केसरवानी नंदी, राजभूषण केसरवानी मुन्ना, मनोज केसरवानी पटेल, जितेंद्र केसरवानी, राजेश केसरवानी, पिंटू केसरवानी और टेढ़ीमोड़ निवासी बीरेंद्र केसरवानी अपने-अपने परिवार के साथ शामिल रहे। यात्रा दल का संचालन कर रहे मनोज केसरवानी ने बताया कि चारधाम यात्रा सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है। देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र धामों में दर्शन करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मिक शांति की अनुभूति होती है।
उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ धाम पहुंचने से पूर्व श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री धाम, गंगोत्री धाम एवं केदारनाथ धाम में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां गंगा, मां यमुना तथा बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की चारधाम यात्रा सकुशल पूर्ण होने पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।







