KANPUR NEWS: जीआरपी कानपुर सेंट्रल एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 80 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर मथुरा और अलीगढ़ की ओर ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची एवं पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक कानपुर दुष्यंत कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में बुधवार तड़के लगभग 3रू45 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के कैंट साइड गेट नंबर-2 के पास सार्वजनिक शौचालय के पीछे चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में मौजूद दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद ट्रॉली बैग एवं पिट्ठू बैग से कुल 74 किलो 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रेम कुमार पुत्र हजारी लाल निवासी हसनपुर, थाना नवझील, जिला मथुरा तथा सुभाष पुत्र हरीश चंद्र निवासी मानपुर, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार प्रेम कुमार के कब्जे से 28 किलो 990 ग्राम तथा सुभाष के कब्जे से 45 किलो 240 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में थे और ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, मुकुंद लाल यादव, शिवबाबू यादव सहित जीआरपी एवं आरपीएफ के कई जवान शामिल रहे।







