MIRZAPUR NEWS: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने दैवीय आपदा में जान गंवाने वाले दो परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि से आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए। नगर विधानसभा क्षेत्र के गड़गेड़ी, चील्ह निवासी मुनेश साव के पुत्र स्वर्गीय रामसागर जायसवाल के निधन पर मंत्री ने परिवार से मिलकर सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने मुनेश साव को दो लाख रुपये का सहायता चेक सौंपा।
इसके बाद मंत्री सेमरा गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने स्वर्गीय राणा प्रताप सिंह के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतक के पुत्र को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। मंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि आपदा प्रभावित परिवारों को शासन की अन्य योजनाओं का भी लाभ दिलाया जाए। इस मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







