Home उत्तर प्रदेश कूड़ाघर में अराजक तत्वों का बोलबाला, जाली-खिड़कियों में तोड़फोड़, मुख्य गेट भी...

कूड़ाघर में अराजक तत्वों का बोलबाला, जाली-खिड़कियों में तोड़फोड़, मुख्य गेट भी गायब

PRAYAGRAJ/MANDA NEWS: स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बनाए गए क्षेत्र के गिरधरपुर स्थित कूड़ाघर की हालत बद से बदतर होती जा रही है। कूड़ाघर में अराजक तत्वों द्वारा लगातार तोड़फोड़ किए जाने से सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थिति यह है कि कूड़ाघर की खिड़कियों की जालियां उखाड़ ली गई हैं, कई स्थानों पर तोड़फोड़ की गई है और प्रवेश द्वार पर लगा मुख्य गेट भी गायब हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से कूड़ाघर की सुरक्षा की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व यहां सक्रिय हैं। रात के समय अराजक तत्व परिसर में घुसकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे न केवल भवन की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि स्वच्छता अभियान के उद्देश्यों को भी झटका लग रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम कुमार उर्फ़ राजू मास्टर ने कूड़ाघर की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकारी धन से निर्मित इस महत्वपूर्ण संपत्ति को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि खिड़कियों की जालियां, अन्य सामान तथा मुख्य गेट गायब होने की जानकारी मिलने के बाद वह स्वयं हैरान हैं। मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कूड़ाघर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकता है। लोगों ने परिसर की नियमित निगरानी, बाउंड्री की सुरक्षा और दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए इस कूड़ाघर की दुर्दशा क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों का मानना है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना स्वच्छता और विकास संबंधी योजनाओं का लाभ पूरी तरह नहीं मिल सकेगा।